स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजधानी पटना के गांधी मैदान में झंडा फहराया। उन्होंने इस मौके पर बिहार की नई गठित सरकार को बिहार के प्रति दृढ़ संकल्पित बताया, इसके साथ ही गंगा पथ के विस्तार को लेकर भी चर्चा की। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य के किसी भी क्षेत्र स अधिकतम 5 घंटे में राजधानी पटना पहुंचने की योजना पर बिहार सरकार काम कर रही है और इसी के तहत जेपी-गंगा पथ योजना का शुभारंभ भी किया गया है। हालांकि गंगा पथ का अभी और विस्तार किया जाएगा।
गंगा पथ को पश्चिम में दानापुर से आगे आरा तक और पूरब में दीदारगंज से होते हुए आगे बख्तियारपुर तक ले जाया जाएगा। बिहार राज्य में लगातार चारों ओर सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है और पुल-पुलियों का भी निर्माण किया जा रहा है ताकि लोगों को कहीं भी आने-जाने में कोई परेशानी न हो। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले पटना पहुंचने के लिए 6 घंटे का लक्ष्य निर्धारित गया था। किन्तु अब इसे 5 घंटे करने के लिए सरकार निरन्तर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार मे समाज सुधार अभियान जारी रहेगा। उन्होंने फिर से दोहराया कि शराब एक बहुत ही बुरी चीज है। शराब पीने से एक वर्ष में 5.3 प्रतिशत लोगों की मृत्यु हुई है। शराब न की सिर्फ पैसा छीन लेती है बल्कि बुद्धि को भी हर लेती है और जान ले लेती। शराब पीने से शरीर मे 200 प्रकार की बीमारियां पैदा होती हैं। शराब को लेकर सरकार महात्मा गांधी के विचारों को आगे लेकर बढ़ना चाहती है जिन्होंने समाज एवं देश के विकास में शराब को सबसे बड़ा बाधक बताया। लोगों की बापू की बातों को ठीक से समझना चाहिए।