विक्रमशिला पुल संकट के बीच भागलपुर के बरारी गंगा घाट पर सामाजिक संस्था जीवन जागृति सोसायटी ने लोगों की सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता एवं राहत अभियान चलाया। बढ़ती भीड़ और नावों में ओवरलोडिंग की आशंका को देखते हुए संस्था द्वारा घाट पर राहत शिविर लगाकर यात्रियों को सतर्क रहने का संदेश दिया गया।
संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष Dr. Ajay Kumar Singh के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में नाव से सफर करने वाले यात्रियों के बीच जागरूकता पंपलेट बांटे गए। घाट पर कई जगह सुरक्षा संदेश वाले बैनर भी लगाए गए ताकि लोग यात्रा के दौरान सावधानी बरतें और किसी संभावित हादसे से बच सकें।
पंपलेट में साफ तौर पर लिखा गया था— “आप खुद अपना रक्षक बनें, नाव को ओवरलोड होने से बचाएं। आपका जीवन आपके परिवार के लिए अमूल्य है।” संस्था के सदस्यों ने यात्रियों से अपील की कि जल्दबाजी या लापरवाही में क्षमता से अधिक लोगों को नाव पर सवार न होने दें।
डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि विक्रमशिला पुल संकट के कारण लोग पहले ही बड़ी परेशानी झेल रहे हैं। ऐसे में अगर नावों में ओवरलोडिंग हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा, “एक आपदा से हम बचे हैं, दूसरी आपदा नहीं आए इसके लिए सभी को नियमों का पालन करना होगा।”
जीवन जागृति सोसायटी द्वारा घाट पर राहत शिविर लगाकर यात्रियों के लिए पेयजल की व्यवस्था भी की गई। गर्मी और भीड़ के बीच लोगों को राहत पहुंचाने के लिए संस्था के सदस्य लगातार सक्रिय नजर आए।
संस्था के कार्यकर्ताओं ने नाव चालकों और यात्रियों को समझाया कि थोड़ी सी असावधानी कई परिवारों की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। इस अभियान में स्थानीय युवकों के साथ सीए प्रदीप झुनझुनवाला, प्रियरंजन सिंह, रिशु और अखिलेश समेत कई लोगों ने सहयोग किया। यात्रियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे समय की जरूरत बताया।
