भागलपुर। जनसुराज पार्टी ने आज भागलपुर जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बिहार के चार शीर्ष नेताओं के खिलाफ गंभीर आरोपों का खुलासा किया। जनसुराज के मुख्य प्रवक्ता **बाबुल विवेक** और जिला उपाध्यक्ष **मो. साबिर** ने मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा नेता एवं उपमुख्यमंत्री **सम्राट चौधरी**, भाजपा नेता **संजय जायसवाल**, स्वास्थ्य मंत्री **मंगल पांडे** और सर्वदलीय नेता **अशोक चौधरी** पर कई संगीन आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जनसुराज के सूत्रधार **प्रशांत किशोर** की ओर से इन नेताओं का यह “काला सच” जनता तक पहुंचाया जा रहा है ताकि बिहार की जनता असली तस्वीर देख सके।
**1. मंगल पांडे पर आरोप**
प्रवक्ता ने बताया कि वर्ष 2019-20 के दौरान स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे की पत्नी **उमिला पांडे** के पंजाब नेशनल बैंक खाते में **₹2.12 करोड़** की बड़ी रकम जमा हुई। सवाल उठाया गया कि इस खाते का हिसाब क्यों छिपाया गया और इतनी बड़ी राशि का स्रोत क्या था।
**2. सम्राट चौधरी पर आरोप**
राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर शैक्षणिक योग्यता और उम्र से संबंधित जानकारियों को हलफनामे में गलत बताने का आरोप लगाया गया। कहा गया कि बिहार बोर्ड के रिकॉर्ड में वे **मैट्रिक फेल** हैं, जबकि चुनावी दस्तावेज़ में उन्होंने खुद को **सातवीं पास** बताया। इतना ही नहीं, उन पर फर्जी **D.Litt. डिग्री** का दावा करने और नाम बदलकर पहचान छिपाने तक का आरोप लगाया गया। प्रवक्ता ने यह भी कहा कि सदानंद सिंह हत्याकांड में जेल जाने और बाद में खुद को नाबालिग साबित करने की कोशिश भी गंभीर सवाल खड़े करती है।
**3. अशोक चौधरी पर आरोप**
सर्वदलीय नेता अशोक चौधरी पर “**बेनामी संपत्ति**” रखने का आरोप लगाया गया। बाबुल विवेक ने बताया कि उन्होंने अपने PA के नाम पर पटना के बिक्रम इलाके में **23 कट्ठा जमीन** खरीदी और बाद में वह जमीन अपनी बेटी **शंभावी चौधरी** के नाम कर दी। इतना ही नहीं, उन पर **ह्यूमन वैभव विकास ट्रस्ट** के नाम से लगभग **₹200 करोड़** की राशि जुटाने, ब्यूरोक्रेट्स और ट्रस्ट से जुड़े लोगों के नामों पर बैंक खाते चलाने का भी आरोप है।
**4. संजय जायसवाल पर आरोप**
भाजपा नेता संजय जायसवाल पर **बेतिया फ्लाईओवर** निर्माण में दस वर्षों की देरी कराकर निजी हित साधने का आरोप लगा। प्रवक्ता ने कहा कि इस देरी से जायसवाल परिवार के पेट्रोल पंपों को फायदा पहुंचा। इसके अलावा नगर निगम की सफाई गाड़ियों के फर्जी बिल बनाकर करोड़ों की अनियमितता करने का भी आरोप सामने आया।
**जनसुराज का बयान**
मुख्य प्रवक्ता बाबुल विवेक ने कहा कि “**चाल, चरित्र और चेहरा**” की बात करने वाली भाजपा और एनडीए के इन नेताओं का यह असली चेहरा जनता के सामने आना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बिहार की बदहाली के असली जिम्मेदार यही दोहरे चरित्र वाले नेता हैं। जनसुराज पार्टी ने साफ किया कि वह ऐसे भ्रष्ट नेताओं का सच जनता तक पहुंचाती रहेगी और इनसे जनता और कानून – दोनों के स्तर पर जवाब लेगी।
इस प्रेस वार्ता के जरिए जनसुराज पार्टी ने स्पष्ट संदेश दिया कि बिहार की राजनीति में **पारदर्शिता और जवाबदेही** लाने के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
