apnabiharjharkhand

सहरसा में तेज रफ्तार बाइक का कहर, महिला की दर्दनाक मौत

सहरसा जिले के बनमा ईटहरी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। घटना शुक्रवार रात करीब सवा आठ बजे की बताई जा रही है।

मृतका की पहचान बनमा ईटहरी थाना क्षेत्र के मुरली वार्ड नंबर चार निवासी घनश्याम यादव की 42 वर्षीय पत्नी रेखा देवी के रूप में हुई है। शनिवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों के अनुसार रेखा देवी अपने मवेशियों के घर से वापस अपने घर लौट रही थीं। घर से महज 25 मीटर की दूरी पर यह दर्दनाक हादसा हो गया। मृतका के रिश्तेदार धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क पर एक चारपहिया वाहन पश्चिम दिशा से आ रहा था, जबकि दूसरी ओर से एक बाइक तेजी से गुजर रही थी। महिला सड़क के किनारे खड़ी हो गई थीं, लेकिन इसके बावजूद बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रेखा देवी सड़क पर गिर पड़ीं और उनके सिर व नाक से काफी खून बहने लगा। आनन-फानन में परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उससे पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया।

रेखा देवी अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और दो बेटियां शामिल हैं। परिवार की एक बेटी अभी अविवाहित है। पति घनश्याम यादव गांव में खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

वहीं बनमा ईटहरी थाना अध्यक्ष कुंदन साहनी ने बताया कि सड़क हादसे में घायल महिला की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *