सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर क्षेत्र में शुक्रवार को एक ग्रामीण मेडिकल स्टोर में भीषण आग लगने के बाद गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। धमाके के साथ हुई इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में आग बुझाने की कोशिश कर रहे पांच लोग झुलस गए, जबकि मेडिकल स्टोर पूरी तरह जलकर राख हो गया।
घटना कनारिया थाना क्षेत्र के कठडुमर पंचायत के वार्ड नंबर-2 की है। जानकारी के अनुसार यहां विक्रम कुमार का एक ग्रामीण मेडिकल स्टोर है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुकान में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे कुछ ही मिनटों में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान के अंदर रखा गैस सिलेंडर भी तेज धमाके के साथ फट गया।
सिलेंडर ब्लास्ट होते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे। हालांकि मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। बाल्टी और अन्य साधनों से पानी डालकर ग्रामीणों ने आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया।
आग बुझाने के दौरान पांच लोग झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत इलाज के लिए भेजा गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया जा रहा है। फिलहाल सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही कनारिया थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया तथा आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी।
आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते विक्रम कुमार का मेडिकल स्टोर में रखा दवा-सामान, फर्नीचर और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। फिलहाल प्रशासन द्वारा आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ग्रामीण आग बुझाने में नहीं जुटते, तो आग आसपास के घरों तक भी फैल सकती थी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
