प्रतिमा विसर्जन जुलूस में बूढ़ानाथ मुख्य सड़क पर गुरुवार की देर रात जमकर मारपीट, हंगामा और तोड़फोड़ की घटना हुई। इसके बाद जुलूस में भगदड़ मच गयी। मारपीट और भगदड़ में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। जिसमें एक की हालत गंभीर बतायी जा रही है। घायलों को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भेजा गया है।

बताया जा रहा है कि प्रतिमा विसर्जन जुलूस में शामिल असामाजिक तत्वों ने मेला देखने आये लोगों पर लाठी चलाने लगे। इसके बाद मेला देखने आये लोगों में भगदड़ मच गयी। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। मारपीट में चार लोगों को गंभीर चोट लगी है। मुन्ना की हालत गंभीर बतायी जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मारपीट, हंगामा और भगदड़ के दौरान पुलिस को भी जान बचाकर भागना पड़ा। असामाजिक तत्वों ने सड़क किनारे लगी करीब एक दर्जन बाइक, चार पहिया वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर एएसपी सिटी शुभम आर्य, एसडीओ धनंजय कुमार सहित कई थाना की पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। बूढ़ानाथ चौक और आसपास का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया था।

काली पूजा महासमिति के उपाध्यक्ष अभय कुमार घोष उर्फ सोनू व विनय कुमार सिन्हा ने बताया कि बड़ी खंजरपुर की प्रतिमा जा रही थी। जुलूस में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा घटना को अंजाम दिया है। पुलिस के आने के बाद वे लोग प्रतिमा को बीच सड़क पर छोड़ कर भाग गये। बाद में प्रतिमा को बूढ़ानाथ में विसर्जित कर दिया गया। पुलिस ने पारंपरिक हथियारों को भी जब्त किया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि मोहल्ले से जुलूस देखने आयी महिलाएं और बच्चे सड़क किनारे खड़े थे। उनलोगों को भी लाठी से पिटाई की गयी। घटना के बाद से स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। एएसपी सिटी शुभम आर्य ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। मारपीट के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना करने वालों की पहचान सीसीटीवी कैमरे से की जाएगी। उसके बाद उनलोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने बताया कि मेला को लेकर सड़क किनारे ठेला लगाये दुकानादारों की भी असामाजिक तत्वों ने लाठी से पीटा। कई दुकानों में तोड़फोड़ भी किया। दुकानों में लूटपाट करने का भी लोगों ने आरोप लगाया है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि खंजरपुर की प्रतिमा विसर्जन जुलूस में शामिल कुछ लोग बिना कारण के उनलोगों पर लाठी बरसाने लगे। जान बचाने के लिए ठेला छोड़ कर भागना पड़ा। करीब एक दर्जन दुकानों में तोड़फोड़ की गयी है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि घटना के समय पुलिस भी भाग गयी। घटना के विरोध में स्थानीय लोग धरना पर बैठ गये। लोग सुरक्षा की मांग कर रहे थे। देर रात तक पुलिस धरना पर बैठे लोगों को समझाने में लगी हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *