भागलपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ईशाकचक थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए 6220 पीस प्रतिबंधित कोडिन युक्त सिरप बरामद किया है। यह कार्रवाई छटपटी पोखर बौंसी पुल के समीप की गई, जहां से अवैध सप्लाई की तैयारी चल रही थी।
पुलिस को सूचना मिली थी कि छत्रपति रोड किनारे स्थित एक गोदाम में भारी मात्रा में कोडिन सिरप जमा किया गया है। साथ ही यह भी जानकारी मिली कि लाल रंग के ऑटो के माध्यम से इस नशीली दवा की सप्लाई विभिन्न इलाकों में की जानी थी। सूचना मिलते ही ईशाकचक थाना पुलिस ने बिना देर किए टीम गठित कर गोदाम पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 6220 पीस कोडिन युक्त सिरप बरामद किया। इसके साथ ही तीन आरोपियों—मंटू कुमार, रवि कुमार और ब्रिज बिहारी यादव—को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि जब्त सिरप की बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा सिरप की सप्लाई कहां-कहां की जानी थी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि प्रतिबंधित दवाएं कहां से मंगाई जा रही थीं और इसके पीछे कौन सा बड़ा गिरोह सक्रिय है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में अवैध कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और आम लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
