बिहार के शेखपुरा जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कसार थाना क्षेत्र के कसार गांव स्थित एक तालाब से दो किशोर बोरी में बंद हालत में बरामद किए गए, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि पहले दोनों की बेरहमी से हत्या की गई और फिर पहचान छिपाने के लिए उन पर तेजाब डाला गया।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब 11 बजे कुछ ग्रामीण तालाब के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर तालाब किनारे पड़ी दो बोरियों पर गई। पास जाने पर तेज बदबू आने लगी, जिसके बाद लोगों को शक हुआ और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जब पुलिस ने बोरी खोली तो उसमें दो किशोर मिले।
मृतकों की पहचान कसार गांव निवासी 12 वर्षीय पियुष कुमार और 11 वर्षीय अंकुश Kumar के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों बच्चों की गला दबाकर हत्या की गई है। गर्दन पर निशान मिले हैं। इसके बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से उन पर तेजाब डाला गया और बोरे में बंद कर तालाब में फेंक दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस के वरीय अधिकारी पहुंच गए। एएसपी डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि हत्या कहीं और की गई और दोनों को यहां लाकर फेंका गया है। मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम भी मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
मृतक पियुष की मां तुनी देवी ने बताया कि उनका बेटा रविवार से लापता था। परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा था, लेकिन अब इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने खोजी कुत्ता बुलाने की मांग को लेकर हंगामा किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
लगातार हो रही हत्या की घटनाओं से जिले में दहशत का माहौल है और लोग कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
शेखपुरा में डबल मर्डर से सनसनी, तालाब से बोरी में बंद दो किशोर बरामद


