धनबाद : झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मैया सम्मान योजना को लेकर जिले में सत्यापन अभियान तेज हो गया है। सभी अंचल कार्यालयों में लाभुक महिलाओं की पात्रता की जांच की जा रही है। वहीं जिन महिलाओं को अब तक योजना का लाभ नहीं मिला है, उनसे आवेदन भी लिए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को धनबाद अंचल कार्यालय में भारी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। सुबह से ही कार्यालय परिसर में लंबी कतारें देखने को मिलीं और दिनभर महिलाओं की भीड़ लगी रही।
महिलाएं अपने आधार कार्ड, बैंक पासबुक, राशन कार्ड समेत अन्य जरूरी दस्तावेज लेकर अंचल कार्यालय पहुंचीं। कई महिलाओं ने बताया कि योजना की घोषणा के बाद से वे लगातार उम्मीद लगाए बैठी हैं, लेकिन अब तक उनके खाते में राशि नहीं आई है। इसी कारण वे आवेदन जमा कर सत्यापन कराने आई हैं ताकि जल्द से जल्द उन्हें योजना का लाभ मिल सके।
कार्यालय परिसर में महिलाओं की भीड़ इतनी अधिक थी कि कई महिलाओं को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा। कुछ महिलाएं छोटे बच्चों के साथ भी कार्यालय पहुंची थीं। महिलाओं का कहना था कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण सरकार की इस योजना से उन्हें काफी उम्मीदें हैं और वे चाहती हैं कि जल्द उनका नाम लाभुक सूची में शामिल किया जाए।
अंचल कार्यालय के कर्मी दस्तावेजों की जांच और आवेदन लेने में जुटे रहे। प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने के लिए व्यवस्था की गई थी, हालांकि भारी संख्या में पहुंची महिलाओं के कारण परिसर में अफरा-तफरी जैसी स्थिति भी देखने को मिली।
इस संबंध में अंचल अधिकारी रामप्रवेश कुमार ने बताया कि मैया सम्मान योजना के तहत सभी लाभुकों का सत्यापन किया जा रहा है। जिन महिलाओं को योजना का लाभ नहीं मिल रहा है, उनसे आवेदन लेकर उनकी पात्रता की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की निर्धारित शर्तों को पूरा करने वाली महिलाओं को ही योजना का लाभ दिया जाएगा। साथ ही जो महिलाएं पात्रता के दायरे में नहीं आती हैं, उनके नाम सूची से हटाने की प्रक्रिया भी जारी है।
प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य योजना में पारदर्शिता बनाए रखना और सही लाभुकों तक सरकारी सहायता पहुंचाना है।
मैया सम्मान योजना के सत्यापन में उमड़ी भीड़, लाभ के इंतजार में घंटों लाइन में खड़ी रहीं महिलाएं


