भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित इंडियन गैस गोदाम पर गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गैस सिलेंडर को लेकर फैली अफवाहों और मोबाइल बुकिंग के दौरान OTP नहीं आने की समस्या के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 

स्थानीय उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस सिलेंडर बुक करने के लिए मोबाइल से बुकिंग की जा रही है, लेकिन कई बार OTP मैसेज नहीं आने के कारण बुकिंग पूरी नहीं हो पा रही है। इसके कारण घरेलू गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी भी समय पर नहीं मिल रही है। मजबूरी में लोगों को सीधे इंडियन गैस गोदाम पहुंचकर सिलेंडर लेने के लिए घंटों लंबी कतार में लगना पड़ रहा है।

 

गोदाम के बाहर सुबह से ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता लाइन में खड़े नजर आए। कई लोगों ने बताया कि उन्हें गैस सिलेंडर के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। इससे महिलाओं और बुजुर्गों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

 

हालांकि इंडियन गैस गोदाम के कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। जरूरत पड़ने पर उपभोक्ता सीधे गैस गोदाम आकर भी सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं।

 

स्थिति को देखते हुए सुल्तानगंज थाना पुलिस और मार्केटिंग अधिकारी राहुल कुमार भी मौके पर पहुंचे और पूरे हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया कि गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी को घबराने की जरूरत नहीं है।

 

मार्केटिंग अधिकारी राहुल कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। गैस गोदाम में सभी उपभोक्ताओं को क्रमवार सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।

 

इस दौरान मौके पर दर्जनों उपभोक्ता और पुलिसकर्मी मौजूद रहे तथा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस भी तैनात रही।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *