apnabiharjharkhand

ओलावृष्टि से तबाह किसानों के समर्थन में भाजपा का धरना, हेमंत सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप

जामताड़ा में ओलावृष्टि और बारिश से किसानों को हुए भारी नुकसान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को प्रखंड मुख्यालय में एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं ने हेमंत सरकार पर किसानों की अनदेखी और चुनावी वादाखिलाफी का आरोप लगाया। धरने का नेतृत्व भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने किया। प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को 13 सूत्री मांग पत्र सौंपकर किसानों को मुआवजा देने की मांग की।

 

धरने को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड में किसान बदहाल हैं और सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि ओलावृष्टि से किसानों की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई, लेकिन सरकार न तो फसल क्षति का उचित मुआवजा दे रही है और न ही किसानों को बीमा राशि मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध, भ्रष्टाचार और अव्यवस्था चरम पर है तथा जनता त्राहिमाम कर रही है।

 

सुमित शरण ने कहा कि संथाल परगना, कोल्हान और छोटानागपुर सहित पूरे झारखंड में किसान परेशान हैं। सरकार ने चुनाव के दौरान किसानों के हित में कई बड़े वादे किए थे, लेकिन अब उन वादों को पूरी तरह भुला दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार किसानों की समस्याओं पर जल्द ध्यान नहीं देती है तो भाजपा प्रखंड कार्यालय में तालाबंदी करने को मजबूर होगी।

 

वहीं भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने कहा कि लगातार बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की मेहनत बर्बाद हो गई है। बावजूद इसके सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। उन्होंने कहा कि किसानों के समर्थन में यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। धरने का संचालन जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मिहिजाम नगर अध्यक्ष लोकेश महतो ने दिया।

 

संवाददाता:

संतोष कुमार, जामताड़ा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *