apnabiharjharkhand

लोयाबाद के बांसजोड़ा में आजसू समर्थकों पर हमला, गोली चलने की सूचना से फैला तनाव, कई घायल

धनबाद जिले के लोयाबाद थाना क्षेत्र स्थित बांसजोड़ा इलाके में बुधवार को उस वक्त तनाव फैल गया जब आजसू समर्थकों की बैठक के दौरान अचानक हमला कर दिया गया। घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है, जबकि मौके पर गोली चलने की बात भी सामने आ रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार आजसू नेता रजनी रवानी के आवास पर कार्यकर्ताओं की बैठक चल रही थी। इसी दौरान दर्जनों की संख्या में पहुंचे कुछ बाहरी लोगों ने अचानक हमला बोल दिया। देखते ही देखते इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बैठक स्थल रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। हमले में आजसू छात्र नेता हीरालाल महतो समेत कई कार्यकर्ता घायल हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल हीरालाल महतो ने आरोप लगाया कि आजसू नेता रजनी रवानी को पिछले कई दिनों से कथित कोयला चोरों द्वारा लगातार धमकी दी जा रही थी। इसी को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई गई थी। उनका कहना है कि बैठक के दौरान सुनियोजित तरीके से हमला किया गया। स्थानीय लोगों ने भी घटना के दौरान गोली चलने जैसी आवाज सुनने की बात कही है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना की सूचना मिलते ही लोयाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। ग्रामीण एसपी ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

 

संवाददाता:नीतीश कुमार, धनबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *