बरारी मीराचक स्थित औद्योगिक थाना क्षेत्र के निवासी सचिन कुमार (पिता–सुग्रीव शर्मा) ने अपने ऊपर हुए कथित जानलेवा हमले को लेकर औद्योगिक थाना बरारी में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
सचिन कुमार का आरोप है कि इलाके के कुछ युवकों ने उनके साथ मारपीट की और अंधाधुंध फायरिंग की। घटना के दौरान गोली का एक छोटा छर्रा उनकी आंख के नीचे लग गया, जिससे वे घायल हो गए। उन्होंने बताया कि किसी तरह जान बचाकर मौके से भागे और बाद में इलाज कराया। इसके बाद थाने में लिखित शिकायत दी।
पीड़ित का आरोप है कि क्षेत्र के एक युवक द्वारा कथित रूप से शराब और हथियार तस्करी का कार्य किया जाता है। जब उन्होंने इन अवैध गतिविधियों का विरोध किया और इसे बंद करने की बात कही, तो आरोपित युवक ने चार-पांच साथियों के साथ मिलकर हमला कर दिया। विवाद के दौरान फायरिंग भी की गई।
सचिन कुमार ने प्राथमिकी में जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में बड़ी घटना हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और आरोपितों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में सचिन ने एक स्थानीय पत्रकार सतीश सिंह का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि वे दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, सचिन ने कहा कि उन्हें प्रशासन पर भरोसा है और उन्होंने किसी भी तरह के समझौते से इनकार करते हुए सीधे पुलिस का रुख किया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि फायरिंग, कथित तस्करी और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोपों पर पुलिस क्या कार्रवाई करती है।
