भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय मसदी में परीक्षा के दौरान दो छात्रों के बीच हुए विवाद के बाद स्कूल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। घटना की जानकारी मिलने पर अभिभावक और ग्रामीण बड़ी संख्या में स्कूल पहुंच गए और नाराजगी जताते हुए विरोध करने लगे। स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर पुलिस को बुलाना पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया।
जानकारी के अनुसार स्कूल खुलने के समय दो छात्र आपस में झगड़ पड़े थे। विद्यालय प्रशासन की ओर से दोनों छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया और बाद में उन्हें परीक्षा में शामिल कराया गया। लेकिन किसी तरह यह बात अभिभावकों तक पहुंच गई, जिसके बाद दोनों छात्रों के परिजन ग्रामीणों के साथ स्कूल पहुंच गए और जमकर हंगामा करने लगे।
इस मामले में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका उर्मिला रानी ने बताया कि सुबह स्कूल खुलने के दौरान दो बच्चों के बीच आपसी झगड़ा हो गया था। विद्यालय प्रशासन ने तुरंत दोनों को समझाकर मामला शांत कराया और बच्चों को परीक्षा दिलाई गई। उन्होंने कहा कि बाद में दोनों छात्रों के अभिभावक कुछ ग्रामीणों के साथ स्कूल पहुंच गए और बिना पूरी जानकारी लिए ही हंगामा करने लगे।
प्रधानाध्यापिका के अनुसार हंगामे के दौरान स्कूल की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया और विद्यालय का गेट भी तोड़ दिया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
वहीं दूसरी ओर कुछ ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल के एक छात्र को बंद कमरे में शिक्षक द्वारा पिटाई की गई थी, जिसके विरोध में वे लोग स्कूल पहुंचे थे। इसी बात को लेकर वहां विवाद और हंगामे की स्थिति बन गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि घटना की वास्तविक वजह क्या थी और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। वहीं पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्कूल परिसर में स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
