परबत्ता में भीषण सड़क हादसे में अब तक चार की मौत, आईसीयू में भर्ती मोहम्मद ताज ने भी तोड़ा दम

भागलपुर। परबत्ता थाना क्षेत्र के जमुनिया में 10 अगस्त की शाम करीब 6 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हुई थी। दोनों बाइक पर दो-दो लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

 

Sponsored Advertisement

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल दो लोगों को इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही थी। इलाज के दौरान एक घायल की स्थिति में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए सिलीगुड़ी रेफर कर दिया। हालांकि, वहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

 

वहीं, हादसे में घायल मोहम्मद ताज का 10 अगस्त से मायागंज अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा था। चिकित्सकों की निगरानी में उपचार के बावजूद उसकी हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी। आखिरकार आज इलाज के दौरान मोहम्मद ताज ने भी दम तोड़ दिया। ताज की मौत के बाद हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।

 

इस हादसे में मृतकों में मोहम्मद ताज और मोहम्मद बबलू के नाम सामने आए हैं। हालांकि, अन्य मृतकों की पहचान और घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी पुलिस की जांच के बाद स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।

 

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही हादसे में चार लोगों की मौत से इलाके में भी शोक का माहौल है।

 

इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद परबत्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों बाइक की आमने-सामने टक्कर किन परिस्थितियों में हुई। दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Posts

बेगूसराय में देर शाम अंधाधुंध फायरिंग, पार्षद पति समेत दो युवक घायल; पुलिस जांच में जुटी

बेगूसराय। जिले के बलिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम हुई अंधाधुंध फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना बलिया नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 21 स्थित…

सहरसा में स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड और स्वयं सहायता भत्ता योजना पर जागरूकता सेमिनार, छात्रों को दी आवेदन प्रक्रिया की जानकारी

सहरसा। राजकीय पॉलिटेकनिक के पुराने भवन स्थित सेमिनार हॉल में जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (डीआरसीसी) की ओर से बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना एवं मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *