गांजा बरामदगी के दौरान हंगामा, पुलिस की गिरफ्त से आरोपी को छुड़ाकर ले भागे परिजन
भागलपुर के लोदीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लोदीपुर कला स्थित पासवान टोला में पुलिस ने छापेमारी के दौरान 1 किलो 532 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार यह अवैध मादक पदार्थ पासवान टोला निवासी राजू पासवान के पुत्र सौरभ कुमार के घर से बरामद हुआ। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सौरभ कुमार को मौके से हिरासत में भी ले लिया था।
हालांकि, पुलिस का आरोप है कि आरोपी के परिजन और कुछ अन्य लोग मौके पर पहुंच गए तथा पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई करने लगे। इसी दौरान उन्होंने सौरभ कुमार को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ाकर वहां से भगा दिया। घटना की सूचना मिलते ही लोदीपुर थाना अध्यक्ष जितेंद्र कुमार अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी की तलाश में छापेमारी की, लेकिन तब तक सभी लोग घर छोड़कर फरार हो चुके थे।
वहीं दूसरी ओर, आरोपी सौरभ कुमार और उसकी मां सोनी देवी ने पुलिस पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुलिस ने कार्रवाई के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार किया। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं।
लोदीपुर थाना अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान कुल 1 किलो 532 ग्राम गांजा बरामद किया गया है।
मामले में सौरभ कुमार सहित अन्य लोगों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और आरोपी को पुलिस हिरासत से छुड़ाने समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।