सलखुआ प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में मंगलवार को अभियान बसेरा-2 योजना के तहत बंदोबस्ती पर्चा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सम्हारखुर्द और कबीरा पंचायत के 95 भूमिहीन परिवारों के बीच विधायक संजय कुमार सिंह ने बंदोबस्ती पर्चा वितरित किया। लंबे समय से झुग्गी-झोपड़ी और अस्थायी आवास में जीवन गुजार रहे परिवारों के लिए जमीन का पर्चा मिलना स्थायी आशियाने की उम्मीद लेकर आया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक संजय कुमार सिंह ने सभी लाभुक परिवारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को उनका अधिकार दिलाने के लिए सरकार की ओर से लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। सरकार का उद्देश्य भूमिहीन परिवारों को जमीन और आवास उपलब्ध कराकर उनके जीवन में स्थायित्व लाना है।
विधायक ने कहा कि अपनी जमीन मिलना किसी भी भूमिहीन परिवार के लिए सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने लाभुकों से अपील की कि जमीन मिलने के साथ वे अपने बच्चों की शिक्षा पर भी विशेष ध्यान दें। शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।
अभियान बसेरा-2 योजना के तहत भूमिहीन परिवारों को आवासीय जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया के तहत इन 95 परिवारों की जमीन बंदोबस्ती की गई है। पर्चा मिलने के बाद लाभुक परिवारों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख सरिता संगम, बीडीओ वीरेंद्र कुमार, सीओ रवि कुमार और आरओ सचिन आनंद समेत कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर लोजपा प्रखंड अध्यक्ष अरुण यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष ललन जायसवाल, कालिकांत निषाद, लच्छेंद्र सिंह, मुरारी प्रसाद सिंह, सर्वेश साह, अशोक सिंह, छोटू सिंह और मनोरंजन सिंह सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।







