सहरसा/बांका: देवघर से घर लौट रहे सहरसा के 30 वर्षीय युवक रूपेश कुमार की बांका जिले में चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। सोमवार को चंदन थाना क्षेत्र में रेलवे पटरी के किनारे उसका शव बरामद हुआ। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने गांव के ही अनिल वर्मा पर हत्या में संलिप्त होने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार सोनवर्षा कचहरी थाना क्षेत्र के दिवारी गांव निवासी रूपेश कुमार, मणिकांत यादव का पुत्र था। वह वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार तड़के करीब तीन बजे वह बसौना निवासी सेवानिवृत्त इंजीनियर अजीत वर्मा को चारपहिया वाहन से देवघर छोड़ने के लिए निकला था। देवघर में उन्हें छोड़ने के बाद रूपेश दूसरे सवारी वाहन से घर लौट रहा था।
परिजनों के मुताबिक, रास्ते में रूपेश ने फोन कर घर लौटने की जानकारी दी थी। कुछ देर बाद जब परिजनों ने फोन किया तो उसने कॉल रिसीव नहीं किया। लगातार संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने सोनवर्षा कचहरी थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की मदद से मोबाइल लोकेशन ट्रेस की गई। लोकेशन के आधार पर परिजन चंदन थाना क्षेत्र पहुंचे, जहां रेलवे पटरी के किनारे रूपेश का शव मिला। उसके शरीर पर चाकू से हमले के निशान थे। सूचना मिलने पर चंदन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया।
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
रूपेश की मौत से परिवार में मातम पसरा है। वह अपने पीछे सात वर्षीय बेटी और चार वर्षीय बेटे को छोड़ गया है। पत्नी और बच्चों समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रूपेश दो भाइयों में बड़ा था।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
चंदन थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी। परिजनों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।





