भागलपुर। जिले में गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति के बीच प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। इसी क्रम में भागलपुर के टीएनबी कॉलेजिएट मैदान में बनाए गए बाढ़ राहत शिविर का जिले के प्रभारी सचिव दीपक आनंद, जिलाधिकारी अलंकृता पांडे और एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राहत शिविर में रह रहे बाढ़ पीड़ितों से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने लोगों से शिविर में मिल रही सुविधाओं, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को पीड़ितों की जरूरतों के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
प्रभारी सचिव दीपक आनंद ने राहत शिविर में संचालित सामुदायिक किचन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन तैयार करने और लोगों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ पीड़ितों को समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए और सामुदायिक किचन की व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न हो।
इसके बाद अधिकारियों ने राहत शिविर में बनाए गए मेडिकल कैंप का निरीक्षण किया। यहां बाढ़ पीड़ितों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, उपलब्ध दवाइयों और चिकित्सकीय व्यवस्था की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर भी लगातार नजर रखी जाए।
प्रभारी सचिव ने बताया कि जिले में संचालित बाढ़ राहत शिविरों में पीड़ितों के लिए सामुदायिक किचन, शौचालय और मेडिकल सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। लोगों के लिए जरूरी दवाइयों के साथ-साथ मवेशियों के इलाज के लिए भी दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राहत शिविरों में रह रहे बाढ़ पीड़ितों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। शिविरों में उपलब्ध सुविधाओं की लगातार निगरानी की जा रही है और जरूरत के अनुसार व्यवस्थाओं को और बेहतर किया जाएगा।






