पूर्णिया के अमौर प्रखंड में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। डगरा घाट पर बना पुराना और जर्जर पुल अचानक बीच नदी में ढह गया। इसी दौरान गिट्टी से लदा एक हाइवा ट्रक पुल पार कर रहा था, जो पुल के टूटते ही परमान नदी में जा गिरा। नदी में पानी का स्तर अधिक होने के कारण हाइवा पूरी तरह पानी में डूब गया।
बताया जा रहा है कि पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही पहले से प्रतिबंधित थी। इसके बावजूद हाइवा चालक पुल पार करने की कोशिश कर रहा था। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, ट्रक में चालक और हेल्पर मौजूद थे। कुछ लोगों का कहना है कि दोनों पुल टूटने के बाद किसी तरह ट्रक से बाहर निकलकर सुरक्षित निकल गए। हालांकि, चालक के सुरक्षित होने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय निवासी मो. फारूक आलम ने बताया कि ट्रक सामान लेकर पुल पार कर रहा था, तभी पुल अचानक टूट गया और वाहन नदी में समा गया। उन्होंने कहा कि चालक के बारे में अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं, इसलिए सर्च ऑपरेशन पूरा होने तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकती।
हादसे की सूचना मिलते ही अमौर के बीडीओ, अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने घटना की जांच के लिए SDRF टीम को बुलाया है। टीम नदी में डूबे वाहन की जांच करेगी और यह पता लगाएगी कि उसके अंदर कोई व्यक्ति फंसा है या नहीं।
डगरा घाट पुल के टूटने से करीब 80 से 85 गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है। यह पुल स्थानीय लोगों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण माध्यम था। पुल टूटने से स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों के साथ-साथ मरीजों और जरूरी सेवाओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पुल की जल्द मरम्मत कराने और तब तक वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था करने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन और SDRF की टीम के सर्च ऑपरेशन के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।





