पटना: पटना हाईकोर्ट को नया चीफ जस्टिस मिल गया है। भारत सरकार ने दिल्ली हाईकोर्ट के जस्टिस वी. कामेश्वर राव को पटना हाईकोर्ट का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की अधिसूचना जारी कर दी है। उनकी नियुक्ति पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी अपनी मंजूरी दे दी है। जस्टिस कामेश्वर राव का कार्यकाल उनके पदभार ग्रहण करने की तारीख से शुरू होगा।
जस्टिस वी. कामेश्वर राव पटना हाईकोर्ट के 49वें नियमित चीफ जस्टिस के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। फिलहाल जस्टिस सुधीर सिंह पटना हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के तौर पर कार्यरत हैं। नए चीफ जस्टिस के शपथ ग्रहण का कार्यक्रम जल्द तय किया जाएगा।
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 6 अगस्त 2026 को हुई बैठक में दिल्ली हाईकोर्ट के जस्टिस वी. कामेश्वर राव के नाम की अनुशंसा पटना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस पद के लिए की थी। कॉलेजियम की सिफारिश के बाद केंद्र सरकार ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी।
इससे पहले पटना हाईकोर्ट की चीफ जस्टिस मीनाक्षी मदन राय 11 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हो गई थीं। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस सुधीर सिंह को कार्यवाहक चीफ जस्टिस की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
अब बात जस्टिस वी. कामेश्वर राव के न्यायिक सफर की। उनका जन्म 7 अगस्त 1965 को हुआ था। उन्होंने 1987 में दिल्ली विश्वविद्यालय से भूगोल में स्नातक और 1990 में एलएलबी की डिग्री हासिल की। मार्च 1991 में दिल्ली बार काउंसिल में पंजीकरण के बाद उन्होंने वकालत शुरू की।
जस्टिस कामेश्वर राव ने सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली हाईकोर्ट और कैट समेत कई अदालतों में करीब 20 वर्षों तक प्रैक्टिस की। साल 2010 में उन्हें सीनियर एडवोकेट बनाया गया। सेवा मामलों, श्रम कानून, संवैधानिक, प्रशासनिक और मध्यस्थता से जुड़े मामलों में उन्हें विशेषज्ञता हासिल रही।
17 अप्रैल 2013 को उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट का अतिरिक्त जज नियुक्त किया गया और 18 मार्च 2015 को स्थायी न्यायाधीश बनाया गया। 2024 में उनका तबादला कर्नाटक हाईकोर्ट हुआ, जहां मई 2025 में उन्होंने कार्यवाहक चीफ जस्टिस के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली। जुलाई 2025 में वे फिर दिल्ली हाईकोर्ट लौटे। अब उन्हें पटना हाईकोर्ट की कमान सौंपी गई है।





