
मुजफ्फरपुर: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के मुजफ्फरपुर आगमन के दौरान उनके स्वागत समारोह में एक JDU नेता के गले से करीब 7 लाख रुपये की सोने की चेन गायब होने का मामला सामने आया है। घटना तुर्की थाना क्षेत्र के सकरी चौक की बताई जा रही है। मामले को लेकर JDU नेता राजेश मंडल ने तुर्की थाने में लिखित आवेदन दिया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के मुजफ्फरपुर पहुंचने पर सकरी चौक पर बड़ी संख्या में JDU कार्यकर्ता और स्थानीय नेता उनके स्वागत के लिए जुटे थे। मंत्री का काफिला जैसे ही वहां रुका, कार्यकर्ताओं में मंत्री को माला पहनाने और बुके देने को लेकर भीड़ लग गई। इसी दौरान कुढ़नी प्रखंड के लदौरा निवासी JDU नेता राजेश मंडल भी मंत्री को माला पहनाने के लिए आगे बढ़े।
राजेश मंडल का दावा है कि इसी दौरान भीड़ और धक्का-मुक्की के बीच उनके गले से सोने की चेन गायब हो गई। उन्होंने बताया कि चेन का वजन करीब 34 ग्राम था और उसकी कीमत लगभग 7 लाख रुपये थी। समारोह खत्म होने और भीड़ कम होने के बाद उन्हें चेन गायब होने का पता चला।
घटना के बाद सामने आए वीडियो में भी राजेश मंडल को परेशान होकर सड़क पर इधर-उधर जाते और लोगों से चेन के बारे में पूछते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि किसी ने चेन खींचकर चोरी की या धक्का-मुक्की के दौरान चेन टूटकर कहीं गिर गई।
JDU नेता ने पुलिस को दिए आवेदन में स्वागत समारोह के दौरान ही चेन गायब होने की बात कही है। तुर्की थानाध्यक्ष सह सब इंस्पेक्टर सेंटू कुमार ने बताया कि राजेश मंडल की ओर से चेन गायब होने को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है।
पुलिस अब समारोह के दौरान बनाए गए वीडियो और सकरी चौक के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और चेन बरामद करने की कोशिश की जा रही है।





