पटना: बिहार की सियासत में इन दिनों जुबानी जंग तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के बयान पर पलटवार करते हुए उन पर जमकर निशाना साधा है। तेजस्वी यादव ने कहा कि संजय झा जैसे नेताओं ने जनता दल यूनाइटेड को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की राजनीतिक स्थिति किसी से छिपी नहीं है।
दरअसल, संजय झा ने तेजस्वी यादव को ‘एनआरआई नेता’ बताते हुए कहा था कि उनका बिहार और यहां की जमीनी समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है। संजय झा के इसी बयान पर तेजस्वी यादव ने पलटवार किया।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार उनकी जन्मभूमि और कर्मभूमि है। उन्होंने कहा कि वह बिहार के हैं और यहीं के लोगों के बीच रहकर राजनीति करते हैं। तेजस्वी ने संजय झा को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें उनकी नहीं, बल्कि अपनी पार्टी की शिकायत करनी चाहिए।
तेजस्वी यादव अपने विधानसभा क्षेत्र राघोपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने के लिए निकले। उन्होंने कहा कि वह बिदुपुर जा रहे हैं और पिछले सप्ताह भी राघोपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर चुके हैं। राघोपुर में कटाव की समस्या को लेकर उन्होंने डिप्टी सीएम विजय चौधरी को पत्र लिखने के साथ ही अधिकारियों से भी बातचीत की है।
तेजस्वी ने कहा कि प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं समझेंगे और इसके बाद सरकार तथा अधिकारियों के सामने उनकी मांगें रखेंगे।
वहीं, सरकार पर हमला बोलते हुए तेजस्वी ने कहा कि छात्रों, किसानों और अपराध के मुद्दे पर विपक्ष लगातार सरकार से जवाब मांग रहा है, लेकिन सरकार जनता की समस्याएं सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने महंगाई को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई बढ़ रही है, जबकि सरकार जीडीपी के आंकड़े गिनाने में लगी है।
अब संजय झा के बयान के बाद तेजस्वी के इस पलटवार से बिहार की सियासत में बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।





