बेतिया/बगहा: पश्चिम चंपारण के बगहा में तेलंगाना पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हत्या की कोशिश के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से 7.65 एमएम की एक पिस्टल, तीन मैगजीन और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। हैदराबाद पुलिस इन आरोपियों की तलाश कर रही थी।
बगहा एसपी राजेश कुमार के मुताबिक, 2 सितंबर 2026 को हैदराबाद के नाचारम थाना क्षेत्र में दर्ज केस नंबर 437/26 की जांच के सिलसिले में तेलंगाना पुलिस की टीम बगहा पहुंची थी। यह मामला हत्या की कोशिश से जुड़ा है। तेलंगाना पुलिस ने बगहा पुलिस से सहयोग मांगा, जिसके बाद एसपी के निर्देश पर SDPO बगहा निहार भूषण के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई।
टीम में बगहा और चौतरवा थानाध्यक्ष, जिला आसूचना इकाई और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई में आशीष कुमार, निवासी नवकाटोला बड़गांव, थाना बगहा, के अलावा संदीप महाजन, संदीप कुमार और शशि कुमार, थाना चौतरवा क्षेत्र के रहने वाले, को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर नाचारम थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या की सुपारी लेने का आरोप है। कथित तौर पर आरोपियों ने घात लगाकर युवक पर गोली चलाई थी, लेकिन निशाना चूक जाने के कारण युवक बच गया। इसके बाद नाचारम थाने में हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान तेलंगाना पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस और CCTV फुटेज की मदद से संदिग्धों का कनेक्शन पश्चिम चंपारण से जोड़ा। इसके बाद बगहा पुलिस के सहयोग से आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
पुलिस ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीन आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर तेलंगाना पुलिस को सौंप दिया गया है। वहीं, आरोपी आशीष कुमार को न्यायिक हिरासत में बगहा जेल भेज दिया गया है।





