मोतिहारी में भीषण सड़क हादसा, दो युवकों की मौत से मचा कोहराम; चार महीने पहले हुई थी शिव की शादी

मोतिहारी: पूर्वी चंपारण में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बनकट बैरिया स्थित टाटा एजेंसी के पास नेशनल हाईवे पर कार और दो बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घायल का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान चकिया थाना क्षेत्र के बारा गोबिंद गांव निवासी 22 वर्षीय शिव कुमार और रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के हरदिया गांव निवासी 29 वर्षीय पवन कुमार के रूप में हुई है। वहीं पवन कुमार के साथ बाइक पर सवार सरोज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

Sponsored Advertisement

बताया जा रहा है कि पवन कुमार और सरोज कुमार मोतिहारी से मजदूरी कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बनकट बैरिया के पास कार और दो बाइकों की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पवन कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं सरोज की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल से रेफर किया गया।

चार महीने पहले हुई थी शिव की शादी

हादसे में मृत शिव कुमार के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शिव की शादी महज चार महीने पहले, 7 मई 2026 को खुशी कुमारी से हुई थी। परिवार में शादी की खुशियां अभी पूरी तरह थमी भी नहीं थीं कि शिव की मौत की खबर ने सबको झकझोर दिया। नवविवाहिता पत्नी खुशी कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है।

शिव के चचेरे भाई दीपक कुमार के मुताबिक, शिव हादसे के दिन शाम करीब छह बजे बाइक से सुगौली जाने के लिए घर से निकले थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनकी आखिरी यात्रा साबित होगी।

पवन के दो छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

वहीं पवन कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी शादी करीब पांच साल पहले सावित्री देवी से हुई थी और उनके दो छोटे बच्चे हैं। बड़ा बेटा सत्यम करीब तीन साल और छोटा बेटा अभिमन्यु करीब दो साल का है।

घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में ओवरटेक के दौरान हादसा होने की बात सामने आई है। कार चालक फरार है और पुलिस उसकी तलाश के साथ हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।

Related Posts

फर्जी सिम से खुद को MLC बताकर अधिकारियों को धमकाने वाला गिरफ्तार

फर्जी सिम से खुद को MLC बताकर अधिकारियों को धमकाने वाला गिरफ्तार

औरंगाबाद में बिजली गुल होने से बीच में छूटी प्रशांत किशोर की सभा, अंधेरे में पॉकेटमारों ने किया हाथ साफ

औरंगाबाद में बिजली गुल होने से बीच में छूटी प्रशांत किशोर की सभा, अंधेरे में पॉकेटमारों ने किया हाथ साफ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *