जामताड़ा: जिले में अवैध बालू के कारोबार और परिवहन पर शिकंजा कसने के लिए खनन विभाग ने गुरुवार को कार्रवाई की। जिला खनन निरीक्षक अजित कुमार चौधरी के नेतृत्व में टीम ने नाला-दुमका-आसनसोल मुख्य सड़क पर छापेमारी कर बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया। कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला खनन विभाग को क्षेत्र में अवैध तरीके से बालू परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर जिला खनन निरीक्षक अजित कुमार चौधरी ने टीम के साथ नाला-दुमका-आसनसोल मुख्य सड़क पर जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक बालू लदे ट्रैक्टर को रोककर चालक से बालू परिवहन से संबंधित आवश्यक कागजात और वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया।
बताया गया कि जांच के दौरान चालक मौके पर बालू के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद खनन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया। मामले की जानकारी नाला थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस के सहयोग से जब्त ट्रैक्टर को नाला थाना लाया गया।
जिला खनन निरीक्षक अजित कुमार चौधरी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि अवैध बालू परिवहन के खिलाफ विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी क्रम में एक बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त करने में सफलता मिली है।
उन्होंने बताया कि जब्त वाहन के संबंध में आवश्यक जांच की जा रही है। जांच के बाद संबंधित व्यक्ति के खिलाफ खनन अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खनन विभाग की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि जिले में अवैध बालू परिवहन पर रोक लगाने के लिए विभाग द्वारा निगरानी और छापेमारी अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि अवैध खनन और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट: संतोष कुमार, जामताड़ा





