जामताड़ा: पश्चिम बंगाल की उपमुख्यमंत्री अग्निमित्रा पॉल के देवघर जाने के क्रम में गुरुवार को जामताड़ा के माँ चंचला चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया।
जामताड़ा पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं के आत्मीय स्वागत से अग्निमित्रा पॉल अभिभूत नजर आईं। उन्होंने कहा कि जामताड़ा की पावन धरती पर कार्यकर्ताओं द्वारा जिस आत्मीयता के साथ उनका स्वागत किया गया, उससे वह काफी प्रसन्न हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी के प्रति कार्यकर्ताओं की निष्ठा और उत्साह संगठन को मजबूत करने का काम करता है।
इस दौरान पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा को लेकर भी उपमुख्यमंत्री ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि बंगाल में हिंदुओं के बलिदान और संघर्ष के कारण भाजपा को ऐतिहासिक जीत मिली है। अब बंगाल में दुर्गा पूजा के आयोजन में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पूरे पश्चिम बंगाल में मां दुर्गा की पूजा पहले से भी अधिक भव्यता और धूमधाम के साथ मनाई जाएगी।
स्वागत समारोह को लेकर भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने कहा कि पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा की सरकार बनने के बाद महत्वपूर्ण मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रहीं उपमुख्यमंत्री अग्निमित्रा पॉल का जामताड़ा की धरती पर आगमन कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय है।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से उपमुख्यमंत्री को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला और उन्होंने पार्टी के समर्थन में नारे भी लगाए।





