थंडरडीह हमला मामला: NCBC से जांच की मांग, भाजपा जिलाध्यक्ष ने सांसद को सौंपा ज्ञापन

जामताड़ा। कर्माटांड़ प्रखंड के थंडरडीह गांव में भूदेव यादव के घर पर हुई कथित हिंसक घटना को लेकर अब राजनीतिक स्तर पर भी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के जामताड़ा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सांसद को एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा और पूरे मामले को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग (NCBC) के संज्ञान में लाने का आग्रह किया।

 

Sponsored Advertisement

ज्ञापन में सुमित शरण ने कहा कि किसी पिछड़ा वर्ग परिवार के घर पर कथित हिंसक भीड़ द्वारा हमला किया जाना गंभीर और चिंताजनक विषय है। उन्होंने कहा कि मामले को केवल सामान्य स्थानीय जांच तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। घटना की वास्तविकता सामने लाने के लिए स्वतंत्र, निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच जरूरी है।

 

भाजपा जिलाध्यक्ष ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की। उनका कहना है कि घटना के बाद परिवार के बीच भय और असुरक्षा का माहौल है। ऐसे में प्रशासन को तत्काल सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने के साथ परिवार के सदस्यों में विश्वास बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

 

उन्होंने पुलिस प्रशासन से घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों की गहन जांच कराने की मांग की। साथ ही कहा कि यदि हिंसा, धमकी या तोड़फोड़ में किसी की संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ बिना किसी दबाव के कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

 

सुमित शरण ने कहा कि न्याय किसी जाति, धर्म या राजनीतिक दल का विषय नहीं है। प्रत्येक नागरिक को संविधान के तहत सुरक्षा और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि भाजपा पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक माध्यमों से आवाज उठाती रहेगी।

 

 

Related Posts

आजादी के 80 साल बाद भी राजखाड़ को पुल का इंतजार, बारिश में जान जोखिम में डालकर नदी पार करते ग्रामीण

बिश्रामपुर। पलामू जिले के बिश्रामपुर प्रखंड अंतर्गत घासीदाग पंचायत का राजखाड़ गांव आजादी के 80 वर्ष बाद भी मूलभूत सुविधाओं की बाट जोह रहा है। धुरिया नदी और जंगल से…

नाला में अवैध बालू परिवहन पर खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई, बालू लदा ट्रैक्टर जब्त

जामताड़ा: जिले में अवैध बालू के कारोबार और परिवहन पर शिकंजा कसने के लिए खनन विभाग ने गुरुवार को कार्रवाई की। जिला खनन निरीक्षक अजित कुमार चौधरी के नेतृत्व में…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *