बेतिया/बगहा, पश्चिम चंपारण: पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम और जांच केंद्रों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सिविल सर्जन बेतिया के निर्देश पर बुधवार को बगहा-1 क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विभिन्न नर्सिंग होम, अस्पतालों और जांच केंद्रों पर जांच अभियान चलाया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई संचालकों में हड़कंप मच गया। कुछ संस्थानों के संचालक सेंटर में ताला लगाकर मौके से फरार हो गए।
जांच अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अब तक करीब आधा दर्जन जांच केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया है। टीम ने संस्थानों के पंजीकरण, लाइसेंस, आवश्यक दस्तावेज और संचालन से संबंधित अन्य कागजात की जांच की। अधिकारियों ने संचालकों से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा और उनकी वैधता की जांच शुरू कर दी है।
जांच टीम में शामिल पतिलार स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. आशु कुमार ने बताया कि बगहा-1 क्षेत्र में संचालित सभी नर्सिंग होम और जांच घरों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिना वैध पंजीकरण या नियमों के विपरीत संचालित पाए जाने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि खुशी डायग्नोस्टिक सेंटर के दस्तावेज जांच के दौरान सही पाए गए हैं। वहीं जीवन ज्योति, मन्नत हॉस्पिटल, आयुष्मान हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर और आरोग्य जांच घर के दस्तावेज स्वास्थ्य विभाग की टीम को मिले हैं, जिनकी फिलहाल जांच की जा रही है।
वहीं जांच टीम के पहुंचने से पहले अपोलो हॉस्पिटल में ताला बंद मिला और वहां मौजूद कर्मी फरार पाए गए। इसके अलावा दो पैथोलॉजी लैब भी बंद मिलीं। स्वास्थ्य विभाग ने संकेत दिया है कि आगामी दिनों में इन संस्थानों की भी दोबारा जांच की जाएगी।
डॉ. भूषण कुमार ने बताया कि जांच टीम में स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों के साथ नगर थाना बगहा की पुलिस भी शामिल रही। उन्होंने कहा कि अभियान केवल बगहा-1 क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य इलाकों में भी नर्सिंग होम और जांच केंद्रों की जांच की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मरीजों को अवैध स्वास्थ्य संस्थानों और झोलाछाप चिकित्सकों से बचाना है। जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संस्थान को सील करने के साथ-साथ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






