बिहार में बाढ़-और कटाव का कहर, गंगा में समाया 100 साल पुराना मंदिर, गंडक में बहा आशियाना

भागलपुर/पश्चिम चंपारण: बिहार के कई इलाकों में बाढ़ और नदियों के कटाव ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भागलपुर में गंगा के कटाव से करीब 40 हजार की आबादी प्रभावित है, तो पश्चिम चंपारण में गंडक नदी लगातार गांवों की ओर बढ़ रही है। हालात ने जल संसाधन विभाग की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

गंगा के कटाव में समाया 100 साल पुराना मंदिर:
भागलपुर के राघोपुर जमींदारी तटबंध के पास मंगलवार सुबह गंगा का कटाव और तेज हो गया। तेज धारा की चपेट में करीब 100 साल पुराना चैती दुर्गा मंदिर आ गया और देखते ही देखते मंदिर का बड़ा हिस्सा गंगा में समा गया। मंदिर स्थानीय लोगों की आस्था और पहचान से जुड़ा था। इसके नदी में विलीन होने से ग्रामीणों में मायूसी और दहशत का माहौल है।

Sponsored Advertisement

ग्रामीणों का आरोप है कि कटाव पिछले कई दिनों से लगातार बढ़ रहा था। मंदिर को बचाने के लिए जल संसाधन विभाग की ओर से प्रयास किए गए, लेकिन गंगा की तेज धारा के सामने ये प्रयास टिक नहीं सके। अब ग्रामीणों को रेलवे लाइन, घाट और आसपास के घरों की सुरक्षा की चिंता सता रही है।

युद्धस्तर पर कटावरोधी काम का दावा:
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल प्रभावी फ्लड फाइटिंग और कटावरोधी कार्य कराने की मांग की है। वहीं एग्जीक्यूटिव इंजीनियर आदित्य त्यागी का कहना है कि फ्लड फाइटिंग और कटावरोधी काम युद्धस्तर पर जारी है और प्रशासन पूरी मुस्तैदी से जुटा हुआ है।

गंडक में समाया घर:
उधर पश्चिम चंपारण के योगापट्टी प्रखंड के सिसवा मंगलपुर पंचायत में गंडक नदी का कटाव भयावह हो गया है। जलस्तर घटने के साथ दियारा इलाके में कटाव तेज हुआ है। सिसवा गांव निवासी विनोद पटेल का घर देखते ही देखते गंडक नदी में समा गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

कटाव से परेशान ग्रामीण अपने घरों को खुद तोड़कर ईंट, दरवाजे और जरूरी सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। अब प्रशासन से तत्काल कटावरोधी काम और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की मांग की जा रही है।

बिहार में गंगा और गंडक का बढ़ता कटाव लोगों के लिए बड़ी चिंता बन गया है। अब देखना होगा कि प्रशासन इन प्रभावित इलाकों में राहत और सुरक्षा के लिए कितनी तेजी से ठोस कदम उठाता है।

Related Posts

सहरसा में 90 दिवसीय एनपी-एनसीडी अभियान शुरू, 10.98 लाख लोगों की होगी स्वास्थ्य स्क्रीनिंग

सहरसा में 90 दिवसीय एनपी-एनसीडी अभियान शुरू, 10.98 लाख लोगों की होगी स्वास्थ्य स्क्रीनिंग

नवादा में दिनदहाड़े गोलीबारी, बाइक सटने के विवाद में युवक की मौत; दो घायल

नवादा में दिनदहाड़े गोलीबारी, बाइक सटने के विवाद में युवक की मौत; दो घायल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *