ओवरलोड सीमेंट लदे ट्रैक्टर से स्कूल बस की टक्कर, बाल-बाल बचे बच्चे

भागलपुर। जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जगदीशपुर-सन्हौला मुख्य मार्ग पर योगीवीर के समीप एक स्कूल बस और ओवरलोड सीमेंट लदे ट्रैक्टर के बीच टक्कर हो गई। हादसा उस समय हुआ जब स्कूल बस सड़क से गुजर रही थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर का एक चक्का टूट गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में बस में सवार किसी भी स्कूली बच्चे के घायल होने की सूचना नहीं है।

स्कूल बस चालक विजय कुमार ने बताया कि सड़क पर अचानक एक मोटरसाइकिल आ गई। मोटरसाइकिल सवार को बचाने के प्रयास में बस का संतुलन बिगड़ गया और बस सामने चल रहे सीमेंट लदे ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बस में सवार स्कूली बच्चों को सुरक्षित देख लोगों ने राहत की सांस ली।

Sponsored Advertisement

वहीं ट्रैक्टर चालक मोहम्मद कामर प्रवेश ने बताया कि स्कूल बस अनियंत्रित होकर उसके ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर के कारण ट्रैक्टर का एक चक्का क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। ट्रैक्टर पर बड़ी मात्रा में सीमेंट लदा हुआ था, जिससे सड़क पर आवागमन भी प्रभावित होने की आशंका बनी रही।

घटना की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद ट्रैक्टर पर लदे ओवरलोड सीमेंट को दूसरी गाड़ी की मदद से खाली कराया गया, ताकि वाहन को हटाया जा सके और सड़क पर यातायात सामान्य किया जा सके।

पुलिस ने दोनों वाहन चालकों से घटना की जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि जगदीशपुर-सन्हौला मुख्य मार्ग पर ओवरलोड वाहनों का परिचालन लगातार जारी रहता है, जिसके कारण अक्सर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और कई बार जाम की समस्या भी उत्पन्न हो जाती है। ग्रामीणों ने ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई करने और सड़क पर नियमित जांच की मांग की है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।

रिपोर्ट: शयामानंद सिंह, भागलपुर

Related Posts

सहरसा में 90 दिवसीय एनपी-एनसीडी अभियान शुरू, 10.98 लाख लोगों की होगी स्वास्थ्य स्क्रीनिंग

सहरसा में 90 दिवसीय एनपी-एनसीडी अभियान शुरू, 10.98 लाख लोगों की होगी स्वास्थ्य स्क्रीनिंग

नवादा में दिनदहाड़े गोलीबारी, बाइक सटने के विवाद में युवक की मौत; दो घायल

नवादा में दिनदहाड़े गोलीबारी, बाइक सटने के विवाद में युवक की मौत; दो घायल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *