पटना: राजधानी पटना में युवाओं और खासकर जेन-जी को सनातन संस्कृति, भगवान श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन और भारतीय परंपराओं से जोड़ने के लिए पहली बार भव्य तीन दिवसीय ‘कृष्णोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 2 से 4 सितंबर तक मिलर ग्राउंड में होगा। कार्यक्रम में भक्ति, संस्कृति और मनोरंजन के साथ कई प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
महावीर मंदिर न्यास समिति के सचिव सायन कुणाल के अनुसार, कृष्णोत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके संदेश और गीता के विचारों से जोड़ना है। आयोजन यूथ एलायंस फॉर सोशल हारमोनी की ओर से किया जा रहा है, जिसमें महावीर मंदिर न्यास समिति का सहयोग रहेगा।
दही-हांडी बनेगी मुख्य आकर्षण
तीन दिवसीय आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण दही-हांडी प्रतियोगिता होगी। फ्रेंचाइजी मॉडल पर इसमें टीमें शामिल होंगी और प्रत्येक टीम में 21 खिलाड़ी होंगे। जो टीम सबसे पहले 20 फीट ऊंची दही-हांडी फोड़ेगी, उसे विजेता घोषित किया जाएगा। विजेता टीम को 2 लाख 51 हजार रुपये, प्रथम रनरअप को 1 लाख 51 हजार और दूसरे रनरअप को 1 लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए 7903370000 नंबर पर रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है।
युवाओं और बच्चों के लिए कई प्रतियोगिताएं
कृष्णोत्सव में दही खाने की प्रतियोगिता, बच्चों की फैंसी ड्रेस, घर के मंदिर की सजावट और डिजिटल फोटो-रील प्रतियोगिता भी होगी। युवाओं को सोशल मीडिया के जरिए जोड़ने के लिए सबसे बेहतर कृष्णोत्सव रील बनाने वाले प्रतिभागी को भी पुरस्कृत किया जाएगा।
तीन दिनों तक भक्ति और संस्कृति का संगम
पहले दिन मंगलाचरण, शंखनाद, बांसुरी वादन, नृत्य और भजन संध्या होगी। दूसरे दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का मंचन किया जाएगा। तीसरे दिन जन्माष्टमी पर मध्यरात्रि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, सोहर और बधाई गायन, लाइव भांगड़ा और भक्ति डीजे आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
आयोजकों के मुताबिक, 2 सितंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उद्घाटन करेंगे। 3 सितंबर को केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के शामिल होने की बात कही गई है, जबकि 4 सितंबर को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पहुंचने और दही-हांडी प्रतियोगिता का उद्घाटन करने की योजना है।





