धनबाद भाजपा कार्यालय के बाहर पुतला दहन पर हाई-वोल्टेज ड्रामा, आमने-सामने आए युवा कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता

 

धनबाद। जिले में सोमवार को भाजपा कार्यालय के बाहर पुतला दहन को लेकर जमकर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। युवा कांग्रेस के पूर्व निर्धारित विरोध कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ता मनुस्मृति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला लेकर भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे। इस दौरान मौके पर तैनात सरायढेला पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन युवा कांग्रेस कार्यकर्ता आगे बढ़ते रहे।

Sponsored Advertisement

 

जैसे ही युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय के नजदीक पहुंचे, वहां पहले से मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पुतले को लेकर खींचतान की स्थिति बन गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथ से पुतला छीन लिया, जिसके बाद पुतला दहन का प्रयास विफल हो गया।

 

स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया। पुलिस ने युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव को हिरासत में लेकर थाना भेज दिया। इसके बावजूद मौके पर मौजूद युवा कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन का प्रयास करते रहे। कुछ समय के लिए भाजपा कार्यालय के बाहर माहौल काफी तनावपूर्ण बना रहा।

 

पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। काफी मशक्कत के बाद युवा कांग्रेस कार्यकर्ता वहां से लौट गए। वहीं भाजपा कार्यकर्ता भी काफी देर तक कार्यालय के बाहर मुस्तैद रहे।

 

युवा कांग्रेस नेता अभिजीत राज ने बताया कि उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद भाजपा द्वारा कथित तौर पर शुद्धिकरण किए जाने के विरोध में देशभर में युवा कांग्रेस की ओर से भाजपा कार्यालयों के बाहर मनुस्मृति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन करने का कार्यक्रम तय किया गया था। इसी क्रम में धनबाद में भी युवा कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन के लिए पहुंचे थे।

 

वहीं भाजपा नेता शिवराज श्रीवास्तव ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि धनबाद में कांग्रेस का पुतला दहन कार्यक्रम पूरी तरह विफल रहा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आगे भी ऐसे प्रयासों का विरोध करेंगे।

 

फिलहाल पुलिस की तत्परता और दोनों पक्षों को समझाने के बाद स्थिति नियंत्रण में है। हालांकि, भाजपा कार्यालय के बाहर कुछ देर तक चले इस विरोध और पुतला दहन विवाद ने धनबाद की राजनीतिक गतिविधियों को गरमा दिया। दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने के कारण पुलिस को भी स्थिति संभालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

धनबाद से राजेश कुमार की रिपोर्ट

Related Posts

कथित ‘मंत्री चप्पल कांड’ पर सियासत तेज, विधायक आईपी गुप्ता ने एसआईटी जांच की मांग की

  पटना: बिहार की राजनीति में इन दिनों दिल्ली के एक होटल से जुड़े कथित ‘मंत्री चप्पल कांड’ को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। मामले को लेकर अलग-अलग…

दिव्यांगों के जीवन में लौटेगी खुशियों की रोशनी, सहरसा में 8 से 10 सितंबर तक लगेगा निःशुल्क कृत्रिम अंग शिविर

  सहरसा: दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन में नई उम्मीद जगाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच, सहरसा शाखा की ओर से तीन दिवसीय विशाल निःशुल्क…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *