सहरसा। कोसी रेंज के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष सोमवार को सहरसा पुलिस लाइन पहुंचे, जहां उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 178 प्रशिक्षु कांस्टेबलों से मुलाकात की। इस दौरान डीआईजी ने प्रशिक्षु सिपाहियों से उनकी ट्रेनिंग, सुविधाओं और अन्य आवश्यकताओं को लेकर जानकारी ली तथा उन्हें बेहतर तरीके से प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अच्छी ट्रेनिंग ही एक जिम्मेदार और सक्षम पुलिसकर्मी की मजबूत नींव होती है।
डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने प्रशिक्षु कांस्टेबलों को संबोधित करते हुए कहा कि वे पूरी लगन और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें और भविष्य में अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए बिहार पुलिस का नाम रोशन करें। उन्होंने प्रशिक्षुओं को इंडोर और आउटडोर ट्रेनिंग के महत्व के बारे में भी जानकारी दी और कहा कि प्रशिक्षण के दौरान मिलने वाले अनुभव भविष्य की पुलिस सेवा में काफी उपयोगी साबित होंगे।
डीआईजी ने बताया कि पुलिस मुख्यालय और डीजीपी के आदेश के आलोक में कोसी रेंज के सहरसा, मधेपुरा और सुपौल जिलों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु कांस्टेबलों से लगातार मुलाकात की जा रही है। इस दौरान प्रशिक्षुओं की समस्याओं को सुना जा रहा है और उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षु सिपाहियों को लगातार आवश्यक जानकारी देने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी मजबूत और प्रेरित किया जा रहा है, ताकि वे बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त कर जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ बिहार पुलिस में अपनी सेवा दे सकें।
सदर थाना के लंबित मामलों की समीक्षा
पुलिस लाइन के निरीक्षण के बाद डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने सदर थाना की पुलिसिंग व्यवस्था और लंबित कांडों के निष्पादन की भी समीक्षा की। सदर थाना को गोद लिए जाने के बाद वहां मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
डीआईजी ने बताया कि इस महीने सदर थाना में 200 लंबित मामलों के निष्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। समीक्षा के दौरान अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्रवाई में तेजी लाने और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, प्रभावी रात्रि गश्ती करने और आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर सहरसा के पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग समेत पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।






