apnabiharjharkhand

बिहार में एनकाउंटर पर सियासत तेज, मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा बोले- “पुलिस की राइफल पानी नहीं, गोलियां उगलेगी”

रोहतास: बिहार में लगातार हो रहे पुलिस एनकाउंटर को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है. विपक्ष जहां सरकार पर सवाल उठा रहा है, वहीं सत्ता पक्ष इसे अपराध नियंत्रण की सख्त नीति बता रहा है. इसी बीच बिहार सरकार के योजना एवं विकास मंत्री और जदयू नेता भगवान सिंह कुशवाहा ने बड़ा बयान देकर बहस को और तेज कर दिया है.

सासाराम दौरे पर पहुंचे मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने अपराधियों को खुली चेतावनी देते हुए कहा कि अगर “गुंडे-मवाली” अपनी हरकतों से बाज नहीं आए और जनता की संपत्ति लूटने का काम जारी रखा, तो “पुलिस की राइफल पानी नहीं उगलेगी, बल्कि गोलियां उगलेगी.” उन्होंने कहा कि बिहार सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है.

दरअसल, मंत्री कैमूर से दिल्ली जाने के दौरान सासाराम पहुंचे थे, जहां जदयू कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया. मीडिया से बातचीत में उन्होंने हाल के दिनों में हो रहे पुलिस एनकाउंटर को लेकर सरकार का पक्ष रखा. उन्होंने कहा कि पुलिस की गोली का निशाना केवल अपराधी होंगे और यह कार्रवाई आम लोगों की सुरक्षा के लिए की जा रही है.

मंत्री ने कहा कि अपराधियों के मन में कानून और पुलिस का डर होना जरूरी है. अगर अपराधियों में भय खत्म हो जाएगा तो समाज में अराजकता बढ़ेगी. उन्होंने “ऑपरेशन लंगड़ा” का जिक्र करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहना चाहिए और पुलिस सख्ती से कार्रवाई कर रही है.

भगवान सिंह कुशवाहा ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार की कानून व्यवस्था की तारीफ करते हुए कहा कि पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा न जाए. उन्होंने यह भी कहा कि निर्दोष लोगों को डरने की जरूरत नहीं है, क्योंकि पुलिस की कार्रवाई केवल अपराधियों के खिलाफ हो रही है.

गौरतलब है कि हाल के दिनों में बिहार के कई जिलों में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की घटनाएं सामने आई हैं. इन घटनाओं को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है, जबकि सत्ताधारी दल इसे अपराध नियंत्रण की प्रभावी कार्रवाई बता रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *