apnabiharjharkhand

गयाजी में चलती बस बनी आग का गोला, एम्स के पास मची अफरा-तफरी

गयाजी: बिहार के गयाजी में शनिवार दोपहर बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब गया-डोभी-पटना मुख्य मार्ग पर चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई। घटना दोपहर करीब 3 बजे एम्स अस्पताल के पास और गया एयरपोर्ट से कुछ दूरी पर हुई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।

राहत की बात यह रही कि बस में कोई यात्री सवार नहीं था। जानकारी के अनुसार, बिहार परिवहन विभाग की यह बस पिछले दो महीने से खराब थी और डोभी वर्कशॉप में मरम्मत कराने के बाद गांधी मैदान स्थित सरकारी बस स्टैंड लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में बस के पिछले हिस्से से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।

बस चालक और कंडक्टर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस रोककर बाहर निकल गए, जिससे उनकी जान बच गई। चालक ने बताया कि आग पहले पीछे से लगी और कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी में फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। पहले छोटी दमकल गाड़ी भेजी गई, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए बाद में बड़ी फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेडिकल थाना पुलिस ने गया-डोभी मुख्य मार्ग के दोनों तरफ का ट्रैफिक रोक दिया। इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। हालांकि ट्रैफिक रोकने से दमकल कर्मियों को राहत कार्य में काफी मदद मिली।

मेडिकल थाना अध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक डायवर्ट किया गया। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन बस पूरी तरह जल चुकी है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *