जमुई में 7-8 साल की बच्ची का शव मिलने से सनसनी, मदरसा ग्राउंड से हुई थी लापता, जांच में जुटी पुलिस


जमुई जिले के टाउन थाना क्षेत्र के नीमारंग मुहल्ले में शनिवार सुबह एक निर्माणाधीन मकान की बाउंड्री के अंदर 7 से 8 साल की बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बच्ची शुक्रवार शाम मदरसा ग्राउंड के पास से लापता हुई थी। देर रात तक परिजन उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुबह शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


दरअसल, नीमारंग मुहल्ले में रहने वाली बच्ची शुक्रवार शाम घर के बगल स्थित मदरसा ग्राउंड में खेल रही थी। परिजनों के मुताबिक, बच्ची राशन का सामान लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश शुरू की।

Sponsored Advertisement

काफी खोजबीन के बावजूद जब बच्ची का कोई पता नहीं चला, तो परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका सताने लगी। शनिवार सुबह पास के ही एक निर्माणाधीन मकान की बाउंड्री के अंदर बच्ची का शव मिलने की सूचना मिली। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस के साथ जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसपी का बयान:
जमुई एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि नीमारंग मुहल्ले की 7-8 साल की बच्ची शुक्रवार शाम से गायब थी। वह घर के बगल स्थित मदरसा ग्राउंड में खेल रही थी। शनिवार सुबह बच्ची का शव बगल के ही एक निर्माणाधीन मकान की बाउंड्री के अंदर मिला।


पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।

फिलहाल बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

नेपाल में भूस्खलन के बाद गंडक में बहकर आईं विशाल मछलियां, गैस सिलेंडर और लकड़ियां; नदी किनारे उमड़ी भीड़

नेपाल में भूस्खलन के बाद गंडक में बहकर आईं विशाल मछलियां, गैस सिलेंडर और लकड़ियां; नदी किनारे उमड़ी भीड़

10 साल की उम्र में वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ पटना की लाडो वानी पटेल का नाम, नीतीश कुमार ने दी बधाई

10 साल की उम्र में वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ पटना की लाडो वानी पटेल का नाम, नीतीश कुमार ने दी बधाई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *