पटना से इस वक्त की बड़ी खबर है, जहां बिहार एसटीएफ को गुजरात के सूरत में हुई चर्चित बैंक डकैती के मामले में बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ की विशेष टीम ने करीब 50 लाख रुपये की बैंक लूट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपी को वैशाली जिले से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पीयूष उर्फ प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक देसी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
बिहार एसटीएफ के मुताबिक, गुजरात के सूरत जिले के वराछा थाना में दर्ज कांड संख्या 906/26 में पीयूष उर्फ प्रिंस कुमार वांछित था। गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ की विशेष टीम ने वैशाली जिले के बलिगांव थाना क्षेत्र में छापेमारी की। इसी दौरान आरोपी को दबोच लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को स्थानीय थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है। वहीं, हथियार बरामदगी को लेकर बलिगांव थाने में अलग से मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
दरअसल, 27 अप्रैल 2026 को गुजरात के सूरत जिले के वराछा थाना क्षेत्र में स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में हथियारबंद अपराधियों ने बैंक डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। अपराधी बैंक में घुसे और करीब 50 लाख रुपये की रकम लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद गुजरात पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान वैशाली निवासी पीयूष उर्फ प्रिंस कुमार की कथित संलिप्तता सामने आई। इसके बाद गुजरात पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
आरोपी के बिहार में छिपे होने की सूचना मिलने के बाद बिहार एसटीएफ सक्रिय हुई। तकनीकी और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाने के बाद टीम ने बलिगांव थाना क्षेत्र में कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
अब पुलिस आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और बैंक डकैती में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही लूट की रकम और वारदात की पूरी साजिश से जुड़े तथ्यों का भी पता लगाया जा रहा है।
बिहार एसटीएफ की कार्रवाई के बाद अब आरोपी को गुजरात पुलिस को सौंपने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस पूछताछ में बैंक लूट से जुड़े कई अहम राज सामने आने की उम्मीद है।






