जमीन विवाद में खूनी संघर्ष: महिला समेत 8 घायल, दो की हालत गंभीर; पीएमसीएच रेफर



सहरसा। जिले के बनगांव थाना क्षेत्र के बलहा डीह गांव में जमीन विवाद ने शनिवार को हिंसक रूप ले लिया। करीब एक कट्ठा जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक महिला समेत आठ लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज सदर अस्पताल सहरसा में कराया जा रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर उपचार के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर किया गया है।

घायलों की पहचान कुंती देवी, वीरेंद्र शाह, संदीप कुमार, नीरज शाह, गांधी कुमार, गणेश कुमार और रिंकू देवी सहित अन्य लोगों के रूप में हुई है। सभी घायल बलहा डीह वार्ड संख्या-4 के निवासी बताए जा रहे हैं।

परिजनों के अनुसार, परिवार के भीतर ही जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। शनिवार की शाम पंचायत के माध्यम से मामले को सुलझाने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई।

आरोप है कि दूसरे पक्ष के करीब 15 लोगों ने लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों के परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना तत्काल बनगांव थाना पुलिस को दी गई थी, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। वहीं डायल-112 पर सूचना देने के बाद प्राथमिक रूप से घायलों को अस्पताल पहुंचाने की सलाह दी गई।

इधर, बनगांव थानाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जानकारी पुलिस को मिली है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों से आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

  • Related Posts

    बेटे का शव देखते ही मां ने तोड़ा दम, एक ही आंगन से उठीं मां-बेटे की अर्थियां; नम आंखों से जलीं दो चिताएं

    सहरसा/सिमरी बख्तियारपुर। सलखुआ प्रखंड के चिड़ैया थाना क्षेत्र की चानन पंचायत स्थित सहुरिया, हनुमान टोला में रविवार को एक हृदय विदारक घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया। राशन कार्ड…

    सुल्तानगंज में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, देसी पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार

    भागलपुर: सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी वारदात की कथित साजिश को समय रहते नाकाम करते हुए एक युवक को देसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *