जामताड़ा कर्माटांड़ प्रखंड के ठण्डारडीह गांव में विगत दिनों हुई घटना को लेकर सियासत गरमा गई है। झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटूल ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से मामले में शामिल आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है।
पूर्व मंत्री ने प्रेस बयान जारी कर आरोप लगाया कि गांव निवासी भूदेव महतो द्वारा कथित तौर पर कही गई किसी बात को लेकर बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचे और उनके तथा परिजनों के साथ मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान जान से मारने का प्रयास करने के साथ घर में तोड़फोड़ और लूटपाट भी की गई।
सत्यानंद झा बाटूल ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने कोई गलत काम किया है तो उसके लिए देश में कानून और न्याय व्यवस्था है। शिकायत पुलिस से की जा सकती है और न्यायालय के माध्यम से कार्रवाई हो सकती है। उन्होंने कहा कि किसी के घर पर बड़ी संख्या में पहुंचकर मारपीट, तोड़फोड़ और नुकसान पहुंचाना कानून को अपने हाथ में लेना है और यह संविधान की भावना के खिलाफ है।
पूर्व मंत्री ने घटना के बाद प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन को किसी राजनीतिक दल, विधायक या मंत्री का चेहरा देखकर कार्रवाई नहीं करनी चाहिए, बल्कि कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर घटना में शामिल सभी लोगों को चिन्हित करने और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को सुरक्षा और न्याय मिलना चाहिए। साथ ही प्रशासन से भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल, जिला मंत्री आभा आर्या, संजू देवी, नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत, सह कार्यालय मंत्री पिंटू गुप्ता, प्रवीण मिश्रा, लखिन्द्र सिंह, लालटू नायक समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संवाददाता — संतोष कुमार, जामताड़ा






