मोतिहारी: महाराष्ट्र के नवी मुंबई के खारघर में करीब एक करोड़ रुपये के डायमंड और गोल्ड लूटकांड में बिहार एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वारदात के कथित सरगना और शटरकटवा गिरोह के सक्रिय सदस्य श्रीराम साह को पूर्वी चंपारण के मोतिहारी से गिरफ्तार किया है। वह महाराष्ट्र से निकलकर छतौनी थाना क्षेत्र के बरियारपुर में छिपा हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, खारघर थाने में 11 अगस्त को लूट का मामला दर्ज होने के बाद आरोपी मोतिहारी पहुंचा था। एसटीएफ को उसके ठिकाने की जानकारी मिली, जिसके बाद शुक्रवार देर रात घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से हीरे और सोने की 17 अंगूठियां बरामद हुईं, जिनका कुल वजन 38.47 ग्राम है। इसके अलावा सोने की अंगूठी, दो लॉकेट और एक कान का स्टड भी मिला। प्लेटिनम की चेन, ब्रेसलेट का टुकड़ा और अंगूठी समेत अन्य आभूषण भी बरामद किए गए। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, बरामद आभूषणों का कुल वजन 99.31 ग्राम है। आरोपी के पास से 90 हजार रुपये नकद और 1170 नेपाली रुपये भी मिले हैं।
पूर्वी चंपारण एसपी स्वर्ण प्रभात ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार, श्रीराम साह के खिलाफ महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गुजरात में गृह-भेदन से जुड़े तीन मामले दर्ज हैं। इससे उसके अंतरराज्यीय आपराधिक नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका मजबूत हुई है।
अब पुलिस यह पता लगा रही है कि बरामद जेवरात खारघर लूटकांड से जुड़े हैं या अन्य वारदातों के हैं। साथ ही, मोतिहारी में उसे किसने पनाह दी और गिरोह में उसके साथ कौन-कौन लोग शामिल थे, इसकी भी जांच हो रही है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से मुंबई पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई। अब खारघर पुलिस उससे पूछताछ कर लूटकांड और गिरोह के नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग जुटाएगी।






