भारतीय जनता पार्टी अब जेन-जी यानी नई पीढ़ी के युवाओं तक अपनी पहुंच मजबूत करने की तैयारी में है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, जेन-जी की आकांक्षाओं, चिंताओं और अपेक्षाओं को समझने के लिए बीजेपी एक विशेष आउटरीच टीम का गठन करने जा रही है। इस टीम में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, महामंत्री स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े के अलावा गुजरात के मंत्री हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी समेत कई नेताओं को शामिल किया गया है।
जेन-जी के लिए विशेष कार्यक्रम
बीजेपी जेन-जी और युवाओं से सीधे संवाद के लिए विशेष कार्यक्रम भी चलाएगी। इसके जरिए युवाओं की प्राथमिकताओं और उनकी समस्याओं को समझने की कोशिश की जाएगी। पार्टी का उद्देश्य युवाओं और बीजेपी के बीच बेहतर संवाद और तालमेल स्थापित करना है। कार्यक्रम के तहत जेन-जी को बीजेपी नेताओं के साथ सीधे बातचीत का मंच भी उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम की तारीख, स्थान और प्रारूप की घोषणा जल्द होने की संभावना है।
सोशल मीडिया पर भी बदलेगी रणनीति
जेन-जी तक पहुंच बनाने में सोशल मीडिया को बीजेपी बेहद महत्वपूर्ण मान रही है। हाल ही में पार्टी ने अपनी सोशल मीडिया टीम में भी बदलाव किया है। करीब 11 वर्षों तक सोशल मीडिया की जिम्मेदारी संभालने वाले अमित मालवीय की जगह अब दीपक म्हस्के के नेतृत्व वाली पांच सदस्यीय टीम को जिम्मेदारी दी गई है।
हाल के जेन-जी प्रदर्शनों के दौरान इंस्टाग्राम रील्स, मीम्स और छोटे वीडियो के जरिए बने नैरेटिव ने राजनीतिक दलों के सामने डिजिटल संचार की नई चुनौती पेश की है। ऐसे में बीजेपी की नई सोशल मीडिया टीम युवाओं से जुड़ने और तेजी से बदलते डिजिटल नैरेटिव को समझने पर फोकस करेगी।
रील्स और मीम्स के जरिए युवाओं तक संदेश
पार्टी की रणनीति में रील्स, मीम्स और हल्के-फुल्के डिजिटल कंटेंट के साथ राजनीतिक संदेश जोड़ना भी शामिल हो सकता है। एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म के लिए अलग-अलग रणनीति तैयार की जाएगी।
बीजेपी अब सोशल मीडिया पर अपनी योजनाओं और उनके फायदे युवाओं तक पहुंचाने के साथ-साथ उनसे सीधे संवाद स्थापित करने पर जोर दे रही है। माना जा रहा है कि जेन-जी की बदलती डिजिटल पसंद के अनुरूप यह रणनीति पार्टी के भविष्य के राजनीतिक संचार में अहम भूमिका निभा सकती है।






