बोकारो बीएस सिटी थाना क्षेत्र के कोऑपरेटिव कॉलोनी स्थित आवास संख्या 67 में मां और बेटे की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घर से दुर्गंध आने के बाद स्थानीय लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। लोगों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बीएस सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर की जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, घर के ग्राउंड फ्लोर स्थित बाथरूम से महिला अनीता देवी की मृत देह बरामद की गई। वहीं, घर की पहली मंजिल से उनके बेटे नीतेश की मृत देह मिली। दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को सूचना दी है। एफएसएल टीम के मौके पर पहुंचने के बाद घटनास्थल की बारीकी से जांच की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि जांच के दौरान मौत से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मां-बेटे का आसपास के लोगों से ज्यादा संपर्क नहीं था। दोनों के बारे में भी स्थानीय लोगों को बहुत अधिक जानकारी नहीं थी। इसी वजह से काफी समय तक किसी को घटना की जानकारी नहीं मिल सकी। घर से दुर्गंध आने के बाद लोगों का ध्यान इस ओर गया और पुलिस को सूचना दी गई।
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि महिला की स्थिति काफी खराब हो चुकी थी। प्रथम दृष्टया महिला की मौत गिरने की वजह से होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, बेटे नीतेश के शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट या जख्म के निशान नहीं मिले हैं।
हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। दोनों की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी संभावना पर अंतिम टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी।





