बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने उत्तर बिहार समेत राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, मेघ गर्जन, वज्रपात और ओलावृष्टि को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। रविवार को गयाजी, जमुई, जहानाबाद, नवादा, बांका, मुंगेर, लखीसराय और शेखपुरा जिलों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग के अनुसार इन इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है, वहीं भारी बारिश के साथ ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क और सुरक्षित रहने की अपील की है। खासकर किसानों, खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों और बिजली के खंभों तथा पेड़ों के नीचे खड़े लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वज्रपात के दौरान घरों में रहने और मोबाइल तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का कम इस्तेमाल करने की चेतावनी भी दी गई है।
राजधानी पटना सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है। अगले चार से पांच दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बदला-बदला रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और हवा के चक्रवाती परिसंचरण के कारण बिहार में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
पुरवा हवा के प्रभाव से तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि तेज आंधी और बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम से जुड़े अपडेट पर ध्यान दें और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें।
