विक्रमशिला पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के बाद भागलपुर और आसपास के इलाकों में लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुल पर आवागमन बंद होने से आम जनजीवन प्रभावित है, लेकिन इसी संकट के बीच बरारी गंगा घाट से ऐसी तस्वीरें सामने आईं जिसने हर किसी को भावुक कर दिया।
शुक्रवार शाम बरारी गंगा घाट पर उस समय अनोखा दृश्य देखने को मिला जब बारातियों का एक जत्था नाव से उतरकर शादी समारोह में शामिल होने के लिए अपने गंतव्य की ओर रवाना हुआ। बारातियों के चेहरे पर शादी की खुशी थी, लेकिन सफर की परेशानी भी साफ झलक रही थी। लोगों ने बताया कि शादी की तारीख पहले से तय थी, इसलिए तमाम दिक्कतों के बावजूद बारात लेकर निकलना पड़ा।
बारातियों ने कहा कि अगर विक्रमशिला पुल चालू रहता तो सफर आसान होता, लेकिन अब नाव ही एकमात्र सहारा बन गई है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा नाव की व्यवस्था किए जाने पर राहत जताई और कहा कि कम से कम लोगों का आना-जाना किसी तरह संभव हो पा रहा है।
वहीं दूसरी ओर गंगा घाट पर एक नवविवाहित जोड़े की मजबूरी ने लोगों को भावुक कर दिया। शादी के बाद दूल्हा अपनी दुल्हन को लेकर घर लौटना चाहता था, लेकिन देर शाम होने की वजह से उन्हें नाव नहीं मिल सकी। घंटों इंतजार के बाद भी कोई साधन उपलब्ध नहीं हुआ, जिसके बाद दोनों को वापस लौटना पड़ा।
दूल्हे ने मायूस होकर कहा कि अगर पुल चालू रहता तो आज वह अपनी दुल्हन को अपने घर ले जाता, लेकिन हालात ऐसे हो गए हैं कि शादी के बाद भी घर वापसी नहीं हो सकी। दुल्हन भी बेहद उदास नजर आई।
गंगा घाट पर एक तरफ नाव से जाती बारात की खुशी थी, तो दूसरी तरफ नए जोड़े की बेबसी। विक्रमशिला पुल संकट अब सिर्फ यातायात की परेशानी नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगी और भावनाओं को भी प्रभावित कर रहा है।
