धनबाद झरिया के जमाडोबा रमजानपुर की रहने वाली रशीदा नाज ने झारखंड बोर्ड के साइंस स्ट्रीम में टॉप कर पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। रशीदा ने 489 अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस शानदार सफलता से परिवार, स्कूल और पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है।

 

रशीदा डीएवी प्लस टू हाई स्कूल, पाथरडीह की छात्रा हैं और शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। सीमित संसाधनों वाले साधारण परिवार से आने के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनके पिता एक प्राइवेट नौकरी करते हैं, लेकिन परिवार ने हमेशा उनकी पढ़ाई को प्राथमिकता दी।

 

अपनी सफलता के बारे में रशीदा बताती हैं कि उन्होंने ऑनलाइन क्लासेस से ज्यादा भरोसा अपने स्कूल की पढ़ाई और शिक्षकों के मार्गदर्शन पर किया। उनका पसंदीदा विषय गणित है, जबकि केमिस्ट्री में उन्हें सबसे अधिक अंक प्राप्त हुए हैं। वे नियमित पढ़ाई और आत्मअनुशासन को अपनी सफलता का सबसे बड़ा मंत्र मानती हैं।

 

रशीदा अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और खासकर अपनी बड़ी बहन को देती हैं। उन्होंने बताया कि आठवीं कक्षा तक उन्होंने कोई कोचिंग नहीं की थी और उस दौरान उनकी बड़ी बहन ने ही उन्हें पढ़ाई में मजबूत आधार दिया। परिवार का सहयोग और शिक्षकों का मार्गदर्शन उनके लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहा।

 

रशीदा ने कहा कि उन्हें खुद भी टॉप करने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन उन्होंने लगातार मेहनत और आत्मविश्वास बनाए रखा। इसी का परिणाम है कि आज उन्होंने पूरे झारखंड में पहला स्थान हासिल किया है।

 

भविष्य को लेकर रशीदा का सपना है कि वे आगे चलकर प्रोफेसर बनें और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दें। उनकी यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के छात्रों के लिए प्रेरणा बन गई है।

 

संवाददाता : नीतीश कुमार [धनबाद]

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *