सहरसा पुलिस को अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ₹25 हजार के इनामी और लंबे समय से फरार चल रहे अपराधी गौरव झा उर्फ गौरव मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान की गई।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश ठाकुर ने सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 6 मई 2026 की रात करीब 2 बजे सोनवर्षाराज थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ₹25 हजार का इनामी अपराधी गौरव झा उर्फ गौरव मिश्रा बलवाहाट थाना क्षेत्र के बधवा गांव में छिपा हुआ है और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा है।
सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर आलोक कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में सिमरी बख्तियारपुर के अंचल निरीक्षक, सोनवर्षाराज थाना, सौरबाजार थाना, बलवाहाट थाना और एसटीएफ के जवान शामिल किए गए। पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से बधवा गांव में घेराबंदी कर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरव झा उर्फ गौरव मिश्रा, पिता बब्लू झा, निवासी लगमा, थाना सोनवर्षाराज, जिला सहरसा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज कांड शामिल हैं। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई थी।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ सदर आलोक कुमार, सौरबाजार थानाध्यक्ष खालिद हयात, सोनवर्षाराज थानाध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी, बलवाहाट थानाध्यक्ष राज कुमार समेत कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस इस गिरफ्तारी को बड़ी सफलता मान रही है।
