बिहार के नालंदा जिले से सोशल मीडिया के जरिए हुए प्यार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर दोस्ती और प्यार के बाद मिलने पहुंचे युवक का अपहरण कर लिया गया। इतना ही नहीं, अपहरण के बाद युवक के परिवार से 6 लाख रुपये की फिरौती भी मांगी गई, जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया।
मामला शेखपुरा जिले के पांची गांव निवासी विक्रम कुमार से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि विक्रम की इंस्टाग्राम पर नालंदा की एक युवती से जान-पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और यह रिश्ता प्यार में बदल गया। दोनों एक-दूसरे पर भरोसा करने लगे और इसी दौरान युवती ने युवक को मिलने के लिए नालंदा बुलाया।
बीते 28 अप्रैल को विक्रम कुमार युवती से मिलने नालंदा के चोरसुआ मोड़ पहुंचा। आरोप है कि वहीं पहले से रची गई साजिश के तहत युवती और उसके प्रेमी ने मिलकर युवक का अपहरण कर लिया। अपहरण के बाद बदमाशों ने युवक के पिता को फोन कर 6 लाख रुपये की फिरौती की मांग की।
फोन आने के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने बिना देर किए पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मोबाइल लोकेशन के आधार पर त्वरित छापेमारी शुरू कर दी।
पुलिस के लगातार दबाव और बढ़ती कार्रवाई को देखते हुए बदमाश घबरा गए। अंततः उन्होंने युवक को पावापुरी फ्लाईओवर के पास छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया।
इसके बाद पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में युवती ने अपने बॉयफ्रेंड और अन्य साथियों के साथ मिलकर अपहरण की साजिश रचने की बात स्वीकार कर ली।
फिलहाल पुलिस फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस घटना ने सोशल मीडिया पर बन रहे रिश्तों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
