सहरसा पहुंचे केंद्रीय मंत्री Giriraj Singh ने पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर बड़ा बयान देते हुए दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। एक निजी कार्यक्रम में प्रेस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है और इस बार ममता सरकार की विदाई निश्चित है।

 

गिरिराज सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता लंबे समय से मौजूदा सरकार की नीतियों से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि ममता सरकार को नहीं हटाया गया, तो पश्चिम बंगाल की स्थिति और गंभीर हो जाएगी।

 

केंद्रीय मंत्री ने तीखा हमला बोलते हुए कहा, “अगर ममता सरकार को नहीं हटाया गया, तो पश्चिम बंगाल बांग्लादेश बन जाएगा। बंगाल घुसपैठियों का अड्डा बनता जा रहा है।” उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में अवैध घुसपैठ एक बड़ी समस्या बन चुकी है, जिस पर राज्य सरकार गंभीर नहीं दिख रही है।

 

उन्होंने यह भी कहा कि इस बार पश्चिम बंगाल में पहले जैसी गुंडागर्दी नहीं चल पाई, इसलिए विपक्षी दलों में बेचैनी और नाराजगी साफ दिखाई दे रही है। जनता अब भय और असुरक्षा के माहौल से बाहर निकलना चाहती है और भाजपा के पक्ष में माहौल तेजी से बन रहा है।

 

गिरिराज सिंह ने कहा कि भाजपा संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। कार्यकर्ता गांव-गांव तक पहुंच रहे हैं और जनता का विश्वास पार्टी के साथ जुड़ रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले चुनाव में भाजपा पश्चिम बंगाल में सरकार बनाएगी और राज्य को नई दिशा देने का काम करेगी।

 

उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता अब विकास, सुरक्षा और स्थिर सरकार चाहती है। भाजपा इसी संकल्प के साथ मैदान में है और आने वाला समय परिवर्तन का होगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *