बिहार के जमुई जिले में चेकपोस्ट पर अवैध वसूली का बड़ा मामला सामने आया है, जहां उत्पाद विभाग में तैनात तीन होमगार्ड जवानों को जबरन पैसे वसूलने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामला सोनो थाना क्षेत्र के डुमरी चेकपोस्ट का है, जहां झारखंड और बंगाल की ओर से आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जाती है।

 

जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल की रात झारखंड के गिरिडीह जिले के शास्त्री नगर निवासी श्याम सुंदर यादव अपने पांच साथियों के साथ स्कॉर्पियो से तिलक समारोह में शामिल होने के लिए जमुई के महादेव सिमरिया जा रहे थे। इसी दौरान सोनो थाना क्षेत्र के डुमरी चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग में तैनात तीन होमगार्ड जवानों ने उनकी गाड़ी रोक ली।

 

पीड़ित का आरोप है कि जवानों ने सभी लोगों को गाड़ी से नीचे उतरवा लिया और मनमानी करते हुए 20 हजार रुपये की मांग की। साथ ही पैसे नहीं देने पर जेल भेजने की धमकी भी दी गई। डर के कारण गाड़ी में सवार एक व्यक्ति से होमगार्ड जवान सूर्यमणि कुमार ने मोबाइल पर स्कैनर दिखाकर 9,500 रुपये UPI के माध्यम से ले लिए।

 

पीड़ित श्याम सुंदर यादव ने इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की। शिकायत मिलने के बाद जमुई पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल के निर्देश पर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज की जांच में गाड़ी को रोकते हुए तीनों जवान स्पष्ट रूप से दिखाई दिए। पूछताछ के दौरान आरोपी होमगार्ड सूर्यमणि कुमार ने यह स्वीकार किया कि उसने अपने दोस्त आदर्श कुमार के माध्यम से UPI ID पर 9,500 रुपये मंगवाए थे।

 

जांच में तीनों जवान दोषी पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने सूर्यमणि कुमार, आशीष कुमार सिंह और नवीन कुमार सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

 

एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि चेकपोस्ट पर वसूली की शिकायत सही पाई गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है।

 

वहीं, इससे पहले भी उत्पाद विभाग के दो एएसआई और दो होमगार्ड जवानों को अपहरण और डेढ़ लाख रुपये फिरौती लेने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *